Showing posts with label डान पगिस. Show all posts
Showing posts with label डान पगिस. Show all posts

Friday, October 5, 2012

डान पगिस की कविता

इजरायली कवि डान पगिस की एक और कविता...    


एक छोटी सी कविताई : डान पगिस 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

तुम्हें सब कुछ लिखने की इजाजत है, 
मसलन और  और और.  
सारे शब्दों की इजाजत है तुम्हें जिन्हें पा सको तुम, 
और सारे अर्थों की जिन्हें तुम बैठा सको उनमें. 

बेशक, अच्छा ख़याल है यह जांचना 
कि आवाज़ तुम्हारी आवाज़ ही है या नहीं, 
और हाथ तुम्हारे ही हाथ हैं, 

यदि हाँ, तो बंद कर लो अपनी आवाज़,  
बटोर लो अपने हाथ, 
और कहना मानो 
कोरे कागज़ की आवाज़ का. 
            :: :: :: 

Monday, October 1, 2012

डान पगिस : प्रश्नावली का अंत

इजरायली कवि डान पगिस की एक और कविता...   


प्रश्नावली का अंत : डान पगिस 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

आपकी आवासीय दशाएं: आकाशगंगा एवं ग्रह की क्रमसंख्या. कब्र की क्रमसंख्या. आप अकेले हैं, या नहीं. ऊपर कौन सी घासें उगती हैं और कहाँ से (उदाहरण के लिए, पेट से, आँख से, मुंह से इत्यादि) 

आपको अपील करने का अधिकार है. 

नीचे दी गई खाली जगह पर उल्लेख करें कि आप कब से जाग रहे हैं और आप हैरत में क्यों पड़ गए थे.  
                                                       :: :: :: 

Friday, September 28, 2012

डान पगिस : बातचीत

इजरायली कवि डान पगिस की एक और कविता...   

 
बातचीत : डान पगिस 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

चार लोग चीड़ के पेड़ के बारे में बात कर रहे थे. एक ने उसकी जाति, उपजाति और तमाम किस्मों के बारे में बताया. एक ने लकड़ी उद्योग की बाबत उसके नुकसानों का आकलन किया. एक ने चीड़ के पेड़ पर कई भाषाओं की कविताएँ सुनाईं. एक ने जड़ पकड़ लिया, शाखाएं फैला लिया और लहराने लगा. 
                                                          :: :: :: 

Monday, September 24, 2012

डान पगिस : मालगाड़ी के डिब्बे में पेन्सिल से लिखा हुआ

इजरायल के होलोकास्ट सर्वाइवर कवि डान पगिस का परिचय और एक कविता आप पिछली पोस्ट में पढ़ चुके हैं. आज उनकी एक और चर्चित कविता 'मालगाड़ी के एक सीलबंद डिब्बे में पेन्सिल से लिखा हुआ'. नीचे तस्वीर में पगिस की इस कविता को कंजनकत्यूनस्लागा बेल्ज़ेक विक्टिम्स मेमोरियल (Konzentrationslager Belzec Victims Memorial) पर उत्कीर्ण देखा जा सकता है.  

 
मालगाड़ी के सीलबंद डिब्बे में पेन्सिल से लिखा हुआ : डान पगिस 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

यहाँ ठसाठस भरे इस डिब्बे में 
मैं हव्वा हूँ 
अपने बेटे हाबिल के साथ 
यदि आपको कहीं दिखे मेरा बड़ा बेटा 
कैन पुत्र आदम 
उससे कहिएगा कि मैं 
          :: :: :: 

आलोचकों के अनुसार पगिस को बाइबिल की अच्छी जानकारी थी और सन्देश को अधूरा छोड़ देने की प्रेरणा उन्हें संभवतः जेनेसिस चैप्टर 4 की वर्स 8 से मिली होगी जिसमें कैन द्वारा अपने भाई हाबिल की हत्या किए जाने का उल्लेख है : 
“Cain said to his brother Abel…and when they were in the field, Cain set upon his brother Abel and killed him.”
इस कविता के बारे में और पढ़ने के लिए यहाँ और यहाँ क्लिक कीजिए. 

Saturday, September 22, 2012

डान पगिस : सरहद पार करने के लिए निर्देश

इजरायली कवि डान पगिस (१६ अक्टूबर १९३० -- २९ जुलाई १९८६) ने अपने किशोर जीवन के तीन साल यूक्रेन के एक नाजी यातना शिविर में बिताए थे. १९४४ में वे बच निकले और १९४६ में इजराइल पहुँच कर एक स्कूल में टीचर हो गए. येरुशलम यूनिवर्सिटी से पी एच डी की डिग्री हासिल करने के बाद वे वहीं पर मध्यकालीन हिब्रू साहित्य पढ़ाने लगे. उन्हें कई भाषाएँ आती थीं और उन्होंने कई साहित्यिक कृतियों का अनुवाद भी किया. १९८६ में कैंसर से जूझते हुए उनकी मृत्यु हो गई. यहाँ उनकी एक चर्चित कविता प्रस्तुत है जिसमें नाजियों के अत्याचार से बचने के लिए ट्रेन द्वारा एक नकली पहचान के साथ बार्डर क्रास करने जा रहे व्यक्ति को 'निर्देश' दिए जा रहे हैं. उसे कुछ याद रखने की अनुमति नहीं है, और कुछ भूलने की भी नहीं...   

 
सरहद पार करने के लिए निर्देश : डान पगिस 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

काल्पनिक मनुष्य, जाओ. यह रहा तुम्हारा पासपोर्ट. 
याद रखने की इजाजत नहीं है तुम्हें. 
तुम्हें बने रहना है दिए गए विवरण जैसा ही: 
पहले से ही नीली हैं तुम्हारी आँखें. 
चिमनी के भीतर की चिंगारियों के साथ 
बच निकलने का जतन मत करो तुम. 
तुम एक मनुष्य हो. ट्रेन में बैठो. 
बैठो आराम से. 
अब एक अच्छा सा कोट है तुम्हारे पास, 
एक दुरुस्त किया हुआ बदन, एक नया नाम 
तैयार तुम्हारे गले में. 
जाओ, भूलने की इजाजत नहीं है तुम्हें. 
               :: :: :: 
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...