Showing posts with label मार्क स्ट्रैंड. Show all posts
Showing posts with label मार्क स्ट्रैंड. Show all posts

Saturday, June 8, 2013

मार्क स्ट्रैंड की कविता

मार्क स्ट्रैंड की एक और कविता... 

यहाँ से तुम हमेशा वहाँ पहुँच सकते हो  :  मार्क स्ट्रैंड  
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

एक मुसाफ़िर उस देश को लौटा जहाँ से कई साल पहले वह निकला था. जहाज से बाहर कदम रखते ही उसने गौर किया कि सब कुछ कितना अलग था. कभी वहाँ तमाम इमारतें हुआ करती थीं मगर अब बहुत कम रह गई थीं और उनमें से हर एक को मरम्मत की दरकार थी. उस पार्क में जहाँ वह बचपन में खेला करता था, धूल से भरी धूप की छड़ें पेड़ों की पीली पत्तियों और पौधों से बनाई गईं कुम्हलाई बाड़ों से टकरा रही थीं. कचरे की खाली थैलियां घास में बिखरी हुई थीं. हवा भारी थी. वह एक बेंच पर बैठ गया और अपने बगल बैठी औरत से बताने लगा कि वह काफी समय से बाहर था, और पूछा कि वह किस मौसम में लौट कर आया है. औरत ने जवाब दिया कि यही एक ही बचा था, वही जिस पर वे सभी राजी हुए थे. 
                                                            :: :: :: 

Friday, March 29, 2013

मार्क स्ट्रैंड की कविता

मार्क स्ट्रैंड की एक और कविता... 

ओस्लो में हवा नहीं है : मार्क स्ट्रैंड 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

"क्या बताऊँ यार," सैलानी ने युवती से कहा, "ज़िंदगी मेरे प्रति मेहरबान नहीं रही है; मैं अलास्का के प्रसिद्ध ठिगने कुत्ते को देखने के लिए उत्तर की तरफ गया मगर एक भी नहीं देख पाया; मैं लंबी पूंछ वाले नीले-हरे अफ्रीकी गैंडे को देखने के लिए दक्षिण की ओर गया और फिर से नाकामयाब रहा. दुखी होकर मैंने खुद को महान कविताओं के उदास वैभव के प्रति समर्पित कर दिया और यहाँ आ पहुंचा, तेज हवाओं वाले इस शहर की सबसे तूफानी जगह पर." "ओस्लो चले जाओ," युवती ने कहा, "ओस्लो में हवा नहीं है." 
                                                             :: :: :: 

Sunday, June 24, 2012

मार्क स्ट्रैंड की कविता

मार्क स्ट्रैंड की एक कविता...   

 
तुम ऐसा कहते हो : मार्क स्ट्रैंड 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

यह सब दिमाग में होता है, तुम कहते हो. और इसका 
कोई लेना-देना नहीं सुख से. सर्दी का आना, 
गर्मी का आना, दुनिया के सारे मौसम होते हैं दिमाग के पास. 
मेरा हाथ थामकर तुम कहते हो कुछ होगा, 
कुछ अनोखा जिसकी खातिर तैयार थे हम हमेशा से ही, 
जैसे एशिया में एक दिन बाद आना सूरज का, 
जैसे चले जाना चाँद का एक रात बिताकर हमारे साथ.  
                    :: :: :: 

Sunday, March 18, 2012

मार्क स्ट्रैंड : सितम्बर की रोशनी में साफ़-साफ़

मार्क स्ट्रैंड की एक कविता...   

 
सितम्बर की रोशनी में साफ़-साफ़ : मार्क स्ट्रैंड 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

पेड़ के नीचे खड़ा एक आदमी एक छोटे से मकान को देख रहा है जो बहुत दूर नहीं है. वह अपने दोनों हाथों को यूं फड़फड़ा रहा है जैसे वह कोई चिड़िया हो, शायद किसी ऐसे शख्स को कोई इशारा करता हुआ जिसे हम नहीं देख पा रहे हैं. वह चिल्लाता भी हो सकता है मगर चूंकि हमें कुछ सुनाई नहीं दे रहा तो शायद ऐसा न हो. ठीक तभी हवा पेड़ में एक सिहरन पैदा करती है और घास को औंधा कर देती है. वह आदमी घुटनों के बल बैठ जाता है और जमीन पर मुक्के बरसाने लगता है. एक कुत्ता आकर उसके बगल में बैठ जाता है. वह आदमी खड़ा हो जाता है और एक बार फिर अपने दोनों हाथों को फड़फड़ाना शुरू कर देता है. वह जो कर रहा है उसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है. उसकी हताशा मेरी हताशा नहीं है. मैं पेड़ों के नीचे खड़े होकर छोटे मकानों को नहीं देखा करता. मेरे पास कोई कुत्ता नहीं है.     
                                        :: :: :: 

Sunday, January 29, 2012

मार्क स्ट्रैंड की कविता

मार्क स्ट्रैंड की एक कविता...

 

चन्द्रमा से प्रेम करने वाले एक कवि का निशा गीत : मार्क स्ट्रैंड 
(अनुवाद : मनोज पटेल)

मैं चन्द्रमा से ऊब चुका हूँ, ऊब चुका हूँ उसकी विस्मय भरी निगाह से, उसकी निगाह की नीली बर्फ से, उसके आगमन और प्रस्थान से, उस तरीके से जिसमें वह प्रेमी जोड़ों और एकाकी लोगों को, उनके बीच कोई अंतर कर पाने में असफल रहते हुए, अपने अदृश्य डैनों के नीचे जुटाए रहता है. मैं उन बहुत सी चीजों से ऊब चुका हूँ जो मुझे सम्मोहित कर लिया करती थीं, ऊब चुका हूँ धूप में चमकती घास पर गुजरती बादलों की परछाईं देखने से, झील में हंसों को आगे-पीछे तैरते हुए देखने से, अपने अभी तक अजन्मे आत्म की एक छवि मिल जाने की उम्मीद में अँधेरे में झाँकने से. आँखों में सादगी को दाखिल होने दो, ऎसी मेज की सादगी जिस पर कुछ नहीं रखा है, ऎसी मेज जो मेज भी नहीं है. 
                                                            :: :: :: 
Manoj Patel, translator & blogger 
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...