Showing posts with label सिनान अन्तून. Show all posts
Showing posts with label सिनान अन्तून. Show all posts

Monday, April 15, 2013

सिनान अन्तून की कविता

अमेरिका में रह रहे इराकी कवि सिनान अन्तून की एक और कविता... 

न्यूयार्क में एक तितली : सिनान अन्तून 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

बग़दाद के अपने बगीचे में 
मैं अक्सर भागा करता था उसके पीछे 
मगर वह उड़ कर दूर चली जाती थी हमेशा 
आज 
तीन दशकों बाद 
एक दूसरे महाद्वीप में 
वह आकर बैठ गई मेरे कंधे पर 
नीली 
समंदर के ख़यालों  
या आखिरी साँसें लेती किसी परी के आंसुओं की तरह 
उसके पर 
स्वर्ग से गिरती दो पत्तियाँ 
आज क्यों? 
क्या पता है उसे 
कि अब मैं नहीं भागा करता 
तितलियों के पीछे? 
सिर्फ देखा करता हूँ उन्हें खामोशी से 
कि बिता रहा हूँ ज़िंदगी 
एक टूटी हुई डाली की तरह 
               :: :: ::

Wednesday, October 17, 2012

महमूद दरवेश : एयरपोर्ट पर


महमूद दरवेश की तीसरी और आखिरी गद्य पुस्तक 'इन द प्रजेंस आफ एब्सेंस' के अनुवाद के लिए इराकी कवि, कथाकार और अनुवादक सिनान अन्तून को हाल ही में अमेरिकन लिटरेरी ट्रांसलेटर्स एसोसिएशन द्वारा राष्ट्रीय अनुवाद पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है. इस किताब से एक अंश आप पहले भी यहाँ पढ़ चुके हैं. आज प्रस्तुत है एक और अंश...  










एयरपोर्ट पर : महमूद दरवेश 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

किसी इंसान के एयरपोर्ट पर रहने का क्या मतलब होता है? तुम सोचते हो: अगर मैं, मैं होता तो मैंने एयरपोर्ट पर अपनी आजादी की तारीफ़ में कुछ लिखा होता: मैं और मक्खी आज़ाद हैं. मक्खी, मेरी बहन नर्मदिल है. वह मेरे कन्धों और हाथों पर बैठ जाती है. मुझे लिखने की याद दिलाकर उड़ जाती है और मैं एक पंक्ति लिख लेता हूँ. जैसे एयरपोर्ट उन लोगों का वतन हो जिनका कोई वतन नहीं. कुछ देर बाद मक्खी फिर आ जाती है. एकरसता को तोड़कर वह फिर उड़ जाती है. मैं किसी से बात नहीं कर पाता. मेरी बहन, वह मक्खी कहाँ है? मैं कहाँ हूँ आखिर?   

तुम खुद को एक फिल्म में देखते हो जिसमें तुम कैफेटेरिया में सामने बैठी एक स्त्री को घूर रहे हो. जब वह तुम्हें निहारते हुए देख लेती है, तुम अपनी कमीज पर गिर आई शराब की एक बूँद को पोछने का बहाना करने लगते हो, वह बूँद जो उन बातों में से एक भगोड़े शब्द जैसी है जिसे तुमने उससे कहा होता गर वह तुम्हारे साथ होती: मेरे लिए आपकी खूबसूरती आसमान की तरह बहुत ज्यादा है, इसलिए बराएमेहरबानी आसमान को थोड़ा सा उठा लीजिए ताकि मैं बात कर सकूं. तुम भाप छोड़ते सूप के कटोरे से अपनी निगाहें उठाते हो और पाते हो कि वह तुम्हें देख रही है. मगर वह अपने खाने पर एक ऐसे हाथ से नमक छिड़कने में मशगूल होने का बहाना करने लगती है जिस पर रोशनी कांपती रहती है. तुम चुपचाप उससे बातें करते हो: मेरी तरह अगर तुम भी कहीं जाने से प्रतिबंधित होती, अगर तुम भी होती मेरी तरह! तुम्हें लगता है कि तुमने उसे शर्मिन्दा कर दिया है इसलिए तुम वेटर से बात करने का दिखावा करने लगते हो: नहीं, सॉरी. उसकी गर्दन पर पसीने का एक मोती झिलमिलाने लगता है और जैसे तारीफ़ के लिए बढ़ने लगता है. तुम चुपके से उसे बताते हो: अगर मैं तुम्हारे साथ होता तो पसीने की उस बूँद को चाट जाता. हसरत उतनी ही जाहिर और नुमायाँ हो गई है जितना कि प्लेट, काँटा, चम्मच, छुरी, पानी की बोतल, मेजपोश और मेज के पाए. हवा में खुश्बू है. दो निगाहें मिलती हैं, लजाती हैं और जुदा हो जाती हैं. वह शराब के प्याले से एक घूँट भरती है, जिसमें वह मोती भी घुल चुका है. तुम्हें महसूस होता है कि वह किसी गहरे समंदर में व्हेल का रूदन सुन चुकी है. नहीं तो इस गाढ़ी खामोशी में उसे क्या डुबो रहा होता? तुम चोरी से उसे बताते हो: अगर वे यह एलान करें कि एयरपोर्ट पर एक बम फटने वाला है तो इस बात का भरोसा मत करना! यह अफवाह मैं ही फैला रहा हूँ, तुम तक पहुँचने के लिए और तुमसे यह कहने के लिए कि कोई और नहीं मैं ही हूँ इस अफवाह को फैलाने वाला. तुम्हें लगता है कि वह आश्वस्त हो गई है, और जैसे ही वह तुम्हारी तंदरुस्ती के नाम अपना जाम उठाती है, उसकी उँगलियों के पोरों से हसरत का एक धागा फिसल जाता है और तुम्हारी रीढ़ की हड्डी में बिजली का करंट दौड़ा जाता है. एक सिहरन तुम्हें हिला देती है. मंत्रमुग्ध होकर तुम गहरी साँसे लेने लगते हो. हवा में लटकते एक पोशीदा पलंग से आम की महक तैरती हुई आती है. कहीं दूर ग़मज़दा वायलिनें विलाप करती हैं, चरम पर पहुँचने के बाद उनके तार शांत हो जाते हैं.     

तुम उस पर निगाह नहीं डालते क्योंकि तुम्हें पता है कि उसकी निगाहें तुम पर हैं, फिर भी वह तुम्हें देख नहीं रही है. तुम्हारी मेज को धुंध ने ढँक लिया है जो अब उन तमाम व्याख्यात्मक औजारों के नीचे दबी ऊंघ रही है जिन्हें तुमने उस पर जमा कर रखा है और उन सफ़ेद कागजों के नीचे दबी हुई भी जिन्हें बीस लेखक मिलकर भी शब्दों की बाजीगरी से भर नहीं सकते. यह वेटर नहीं, वह थी जिसने तुम्हारी मूर्छा तोड़कर तुमसे पूछा था: खाना ठीक था? तुमने उससे पूछा: और तुम्हारा? उसने कहा: तुमसे मिलकर खुशी हुई... क्या तुम्हें मेरी याद है? तुमने कहा: एयरपोर्टों पर किसी की याददाश्त जा भी सकती है. उसने कहा: खुदाहाफिज़! तुमने उसे जाते हुए नहीं देखा, क्योंकि तुम नहीं चाहते थे कि पूजाघरों के संगमरमर पर दो ऊंची हीलों को देखकर हसरत फिर सर उठाने लगे और वायलिनों की सूरत में जुदाई के लिए कोई लालसा भड़कने लगे. लेकिन तुमने उसे याद किया जब नींद घिर आई, तुम्हारी देह पर शराब के सुन्न कर देने वाले असर की तरह जो घुटनों से उस हिस्से की तरफ बढ़ता रहता है जिसे बदन के जंगल में तुम याद नहीं रख पाते. और जहां तक उसके नाम की बात है, उसे शायद तुम कल जान सको, किसी और मेज पर, किसी और एयरपोर्ट पर. 
                                                                :: :: :: 
(शीर्षक हिन्दी अनुवादक की ओर से)

Friday, March 23, 2012

सिनान अन्तून की डायरी से


इराकी कवि, कथाकार एवं फिलहाल न्यूयार्क यूनिवर्सिटी में अध्यापन कर रहे सिनान अन्तून की कविताएँ आप इस ब्लॉग पर पहले पढ़ चुके हैं. आज प्रस्तुत है युद्ध के दौरान लिखी गई उनकी डायरी का एक अंश...  
[Academy of Fine Arts, Baghdad, 2003. Image from InCounter Productions]
बग़दाद वाल, एकेडमी आफ फाइन आर्ट्स बग़दाद २००३  

 









रोम में एक बर्बर : सिनान अन्तून 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

"मैनें लाखों लोगों को बर्बरता से निजात दिलवाई है." 
                                                          - जार्ज डब्लू. बुश, द गार्जियन, रविवार १५ जून २००८ 

1 
"क्या तुम छुट्टियों में घर जा रहे हो?" कुछ साल पहले मेरे एक सहकर्मी ने लिफ्ट में मुझसे यह सवाल किया था. यह एक आम और जायज सवाल है मगर यदि आप मेरी तरह बग़दाद के हों तो कोई जवाब देना इतना आसान नहीं होगा. फ़ौरन जो जवाब सूझा था वह यह था: "क्या तुमने पिछले चार साल की ख़बरों पर गौर किया है?" मगर मैं इतना थका हुआ हूँ कि उसके बाद होने वाली बातचीत में फंसना नहीं चाहता और न ही एक अजीब सी स्थिति में क्षणिक अपराध के असर का साक्षी बनना चाहता हूँ. मुझे अपने सहकर्मी को बस माफ़ कर देना चाहिए. 

रोम में ऐसा ही है. अधिकतर लोगों के लिए दूरवर्ती देशों में बर्बरों के खिलाफ लड़े जा रहे युद्ध की ख़बरें ज्यादा से ज्यादा एक मनबहलाव ही हैं. यहाँ तक कि सम्राट ने भी अभी हाल ही में 'ईराक ऊब' की बात की. हाँ, कुछ बड़बड़ाहट है, कुछ बहसें और ऎसी ही चीजें, मगर...   

मैं वापस न जाने की चाहे जितनी कोशिश कर लूं मगर मुझे हर रोज लौटना पड़ता है, लेकिन किसी वास्तविक जगह पर नहीं. वह खानदानी घर जिसमें मैं पैदा हुआ था पांच साल पहले बेच दिया गया. बग़दाद में रह गईं मेरे परिवार की आखिरी सदस्य, मेरी आंटी, जार्डन के अम्मान चली गईं क्योंकि ७२ साल की एक बुजुर्ग महिला के लिए विस्फोटों के बीच रहना नामुमकिन हो गया था.  

इसलिए मैं ग्राउंड फ्लोर पर उससे विदा लेते हुए जवाब देता हूँ: 
-- दरअसल मैं घर नहीं जा रहा. इतनी सारी डेडलाइंस! 
-- हैव अ नाईस ब्रेक! 
-- यू टू. 

"डेडलाइन : २  पुराने जमाने में जेल की वह सीमारेखा जिसका उल्लंघन कैदियों के लिए वर्जित था अन्यथा उन्हें मौत की सजा दी जाती थी.      

2 
ईराक वेबसाइटों पर बिखरा पड़ा है. एक स्त्री उस ताड़ के पेड़ के बारे में लिखती है जिसे उसने अपने छोटे से बगीचे में रोपा था और वह कैसे उसे देखने हर शाम वापस जाती है... गूगल अर्थ पर. कुछ महाद्वीपों की दूरी पर बैठी वह, उसे सिर्फ अपने आंसुओं से ही सींच सकती है. 

4 
बर्बरों का ब्रह्माण्ड टुकड़ों-टुकड़ों में होता है. वह कतरनें और तस्वीरें जमा किया करता है: 

छः या सात साल की एक छोटी बच्ची अपने पिता की उंगली पकड़े एक सूनी सड़क को पार कर रही है. वे बीच के डिवाईडर पर पहुँचने वाले हैं जिसपर कुछ घास-फूस और कूड़ा-करकट मौजूद है. सड़क के उस पार, झुलस कर काली हुई एक गाड़ी इंतज़ार कर रही है. लड़की के पास लाल रंग का एक छोटा सा पिठ्ठूबैग है. तस्वीर के दाएं तरफ कोने में एक फूली हुई लाश पड़ी है. 

कितने साल, कितने दशक लगेंगे उस लड़की को सड़क पार करने में?    
                                                   :: :: ::

Tuesday, January 24, 2012

सिनान अन्तून की कविताएँ


"आजादी! कल उनके ताज पिघलाएंगे हम, तुम्हारी पायल के लिए." 
(सिनान अन्तून)  

जाने-माने इराकी कवि, उपन्यासकार और अनुवादक सिनान अन्तून का जन्म 1967 में बग़दाद में हुआ था. खाड़ी युद्ध के बाद उन्होंने इराक छोड़ दिया. अरबी भाषा में दो कविता-संग्रहों और दो उपन्यासों के अलावा उन्होंने अनुवाद का भी बहुत सा काम किया है. महमूद दरवेश की कविताओं का उनका सहअनुवाद 2004 में पेन ट्रांसलेशन प्राइज़  के लिए नामांकित हो चुका है. हाल ही में महमूद दरवेश की आखिरी गद्य पुस्तक का उनका अनुवाद आर्किपिलागो बुक्स ने 'इन द प्रजेंस आफ एब्सेंस'  के नाम से प्रकाशित किया है. एक वृतचित्र अबाउट बग़दाद का सह -निर्माण भी. बग़दाद विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य की डिग्री और हार्वर्ड विश्वविद्यालय से डाक्टरेट. फिलहाल न्यूयार्क यूनिवर्सिटी में अध्यापन. यहाँ प्रस्तुत कविताएँ अंग्रेजी में उपलब्ध उनके कविता-संग्रह 'द बग़दाद ब्लूज' से ली गई हैं. इन्हें अनुदित और प्रकाशित करने की अनुमति देने के लिए हम कवि के आभारी हैं. 

















सिनान अन्तून की कविताएँ 
(अनुवाद : मनोज पटेल)

जब युद्ध से छलनी हो गया मेरा सीना 

एक ब्रश उठाया मैनें 
मौत में डुबोया हुआ 
और एक खिड़की बना दी 
युद्ध की दीवार पर 
मैनें खोला इसे 
किसी चीज की 
तलाश में 
मगर 
देखा एक और युद्ध 
और एक माँ 
जो एक कफ़न बुन रही थी 
उस मृतक के लिए 
जो अभी उसके पेट में ही था 
                                     बग़दाद, 1990                             
                    * * *

एक तस्वीर 
(न्यूयार्क टाइम्स के मुखपृष्ठ पर एक इराकी लड़के की)

वह बैठा था 
ट्रक के एक सिरे पर 
(आठ या नौ साल का?)
अपने परिवार से घिरा हुआ 
उसके पिता,
माँ,
और पांच भाई-बहन 
सोए पड़े थे 
और उसका सर 
अपने हाथों में गहरे धंसा हुआ था 
दुनिया के सारे बादल 
इंतज़ार कर रहे थे 
उसकी आँखों की कोर पर 
लम्बे शख्स ने पसीना पोंछा 
और खोदना शुरू किया 
सातवीं कब्र 
                                       न्यूयार्क, सितम्बर 2006 
                    * * *

गैरहाजिरी 

जब तुम चली जाती हो 
मुरझा जाती है यह जगह 
मैं इकट्ठा करता हूँ 
तुम्हारे होंठों से छितराए गए बादलों को 
लटका देता हूँ उन्हें 
अपनी स्मृति की दीवार पर 
और इंतज़ार करता हूँ 
एक और दिन का 
                    * * * 

दृश्य 

समुन्दर टिकाता है अपना सर 
क्षितिज की तकिया पर 
और एक झपकी लेने लगता है 
मैं सुन सकता हूँ साँसें लेते 
उसकी नीलिमा को 
जब अपनी उँगलियों के पोरों से सूरज  
चूमता है उसकी त्वचा 
आसमान को जलन होती है 
                                       बेरुत, अप्रैल 2003                
                    * * * 

चालना 

दो चलनियां हैं 
मेरी आँखें 
लोगों के ढेर में से 
चालती हुईं 
तुम्हें 
                                       काहिरा, अगस्त 2003                                     
                     * * *  

मायाजाल॥

तुम्हारे होंठ
जैसे एक गुलाबी तितली 
उड़ती हुई 
एक लफ्ज़ से 
दूसरे लफ्ज़ को 
और मैं भागता हुआ उनके पीछे 
खामोशी के 
बगीचे में 
                                       काहिरा, जून 2003 
                    * * *  

शोध 

समुन्दर 
एक शब्दकोष है नीलिमा का 
जिसे बहुत लगन से 
पढ़ा करता है सूरज, 
तुम्हारी देंह भी
शब्दकोष है 
मेरी चाहतों की 
जिसके पहले अक्षर में ही 
बीत जानी है ज़िंदगी !
                                    बेरुत, अप्रैल 2003 
                    * * *  
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...