Thursday, June 7, 2012

चार्ल्स सिमिक : एक गुमशुदा चीज का ब्यौरा

चार्ल्स सिमिक की एक और कविता...  

 
एक गुमशुदा चीज का ब्यौरा : चार्ल्स सिमिक 
(अनुवाद : मनोज पटेल)

कभी कोई नाम नहीं रहा उसका, 
न ही मुझे याद है कि वह मुझे कैसे मिली. 
खोई हुई बटन की तरह 
मैं उसे लिए रहता था अपनी जेब में 
गो कि बटन नहीं थी वह. 
डरावनी फ़िल्में, 
पूरी रात खुले रहने वाले जलपानघर, 
अँधेरे बार, 
और बारिश से चिकनी हुई सड़कों पर बने 
पूलहाल. 
एक सादी और मामूली मौजूदगी थी उसकी 
जैसे कोई परछाई सपने में, 
सुई पर कोई फ़रिश्ता, 
और फिर वह गायब हो गई. 
गुजरते रहे 
बेनाम स्टेशनों के साल दर साल, 
जब किसी ने बताया मुझे कि यही है वह!
और कितना नासमझ था मैं, 
कि उतर पड़ा एक उजाड़ प्लेटफार्म पर  
जहां दूर-दूर तक नामोनिशान नहीं था किसी कस्बे का.     
                    :: :: :: 

Wednesday, June 6, 2012

ज़िबिग्न्यू हर्बर्ट : दो बूँदें

ज़िबिग्न्यू हर्बर्ट की एक और कविता...    

 
दो बूँदें : ज़िबिग्न्यू हर्बर्ट 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

          जब जंगल जल रहे हों, तो गुलाबों के लिए शोक करने का वक़्त कहाँ. 
                                                                                 - जूलियस स्वेवस्की 

जंगलों में आग लगी थी -- 
फिर भी उन्होंने 
बाहों में भर लिया था अपनी गरदनों को 
गुलदस्तों की तरह 

लोग भागे पनाहगाह की तरफ -- 
उसने कहा ऐसे हैं मेरी पत्नी के बाल 
कि छिपा जा सकता है उनकी गहराइयों में 

एक कम्बल के नीचे 
वे फुसफुसाते रहे निर्लज्ज शब्द 
वही प्रेमियों का कीर्तन 

जब स्थिति ज्यादा बिगड़ गई 
वे कूद पड़े एक-दूसरे की आँखों में 
और मूँद लिया उन्हें जोर से 

इतनी जोर से कि उन्हें एहसास भी न हुआ लपटों का 
जब वे पहुँचने लगीं उनकी बरौनियों तक 

वे अंत तक रहे बहादुर 
वे अंत तक रहे वफादार 
अंत तक रहे वे वैसे ही 
एक चेहरे के कगार पर ठहरी 
दो बूंदों की तरह 
                    :: :: :: 
कविता के पूर्व स्वेवस्की का उद्धरण अनुवादकों चेश्वाव मिवोश एवं पीटर डेल स्काट की तरफ से. 

Tuesday, June 5, 2012

बिली कालिन्स : साथ-साथ

बिली कालिंस की एक और कविता...   

 
साथ-साथ : बिली कालिन्स 
(अनुवाद : मनोज पटेल) 

चाहता हूँ कि तेज हो कैंची 
और बिल्कुल समतल हो मेज 
जब तुम काटो मुझे मेरी ज़िंदगी से 
और चिपकाओ उस किताब में जिसे हमेशा लिए रहती हो साथ-साथ. 
                    :: :: :: 
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...