आज मिलते हैं जर्मन कवि माइकल आगस्तीन (1954) से. आगस्तीन ने कविताओं के बारे में कुछ सवाल' उठाए हैं. ये सवाल बड़े मौजूं हैं और फिलहाल यहाँ उनकी पहली क़िस्त प्रस्तुत की जा रही है. जर्मन से अंग्रेजी अनुवाद उनकी पत्नी, भारतीय कवयित्री सुजाता भट्ट ने किया है...
कविताओं के बारे में कुछ सवाल : माइकल आगस्तीन
(अनुवाद : मनोज पटेल)
कितनी लागत आती है
एक कविता को
पैदा करने में?
:: :: ::
कौन सी कविता
अपने रचयिता के बारे में ज्यादा बताती है:
उसकी पहली या उसकी आखिरी कविता?
:: :: ::
प्रति माह कितनी कविताओं की जरूरत पड़ती है
चार लोगों के
एक औसत परिवार को
गुजारा चलाने के लिए?
:: :: ::
क्या होता है
कविता का
विलोम?
:: :: ::
क्या कविताएँ
जान फूंक सकती हैं मुर्दों में?
:: :: ::
क्या स्व-परागण से
फलती-फूलती हैं फूलों से सम्बंधित कविताएँ
या उन्हें जरूरत पड़ती है हमेशा
भौरों से सम्बंधित किसी कविता की?
:: :: ::
क्या प्रेम कविताएँ
बंधी होती हैं किसी एक से
या अंतरणीय होती हैं वे?
:: :: ::
कितने दिन
ज़िंदा रह सकता है
कोई इंसान
कविताओं के बिना?
:: :: ::


